अनपरा परियोजना की 500 मेगावाट की सातवीं इकाई ने 100 दिन तक लगातार लोड पर रहने का रिकार्ड स्थापित किया है। इससे प्रबंधन ने अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है। अनपरा डी के जीएम आरके अग्रवाल ने बताया कि पिछली बार 21 दिसंबर को इकाई को सिंक्रोनाइज किया गया था। तब से लेकर अभी तक इकाई से लगातार उत्पादन किया जा रहा है। बता दें कि नवंबर 2019 में टरबाइन जनरेटर में आग लग जाने के कारण राख बांध पर निर्मित परियोजना की नवीनतम इकाई से विद्युत उत्पादन ठप हो गया था। प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी के बाद निर्माता कंपनी बीएचईएल ने अनुरक्षण कार्य शुरू किया था। तब जाकर लगभग दो वर्ष बाद 27 जुलाई 2021 से इस इकाई से विद्युत उत्पादन शुरू हो पाया था।
अनपरा की पहली इकाई से विद्युत उत्पादन ठप
तकनीकी खराबी के कारण अनपरा परियोजना की पहली इकाई से बुधवार रात से विद्युत उत्पादन ठप हो गया। प्रबंधन के अनुसार ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण 210 मेगावाट की पहली इकाई बुधवार रात 2 बजे के करीब ट्रिप कर गई। इकाई का अनुरक्षण शुरू हो गया है। आगामी 72 घंटे के अंतराल में इस इकाई के लोड पर आने की संभावना जताई जा रही है। जबकि आवश्यक अनुरक्षण के लिए 210 मेगावाट की ही तीसरी इकाई पहले से ही बंद चल रही है। इस इकाई के शुक्रवार रात तक उत्पादनरत होने की संभावना है। दो-दो इकाइयों के बंद होने से परियोजना के साथ निगम के उत्पादन में भी गिरावट दर्ज की गई है।