सोनभद्र। सोनांचल में बिजली बिल में गड़बड़ी के मामले कम नहीं हो रहे। कहीं बिना रीडिंग के बिल भेजा जा रहा तो कहीं मनमाने दर से गणना कर बिल थमाया जा रहा है। एक उपभोक्ता को 31 रुपये यूनिट की दर से बिल जारी किया गया है। बिल देख उसका माथा ठनक गया। कई अन्य मामले भी सामने आए हैं। परेशान उपभोक्ता रोजाना दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं। बिल में त्रुटि सुधार नहीं होने से बड़ी संख्या में उपभोक्ता ओटीएस के लाभ से वंचित रह गए।
केस: एक
यूनिट से अधिक का बिल मिलने पर उपभोक्ता हैरान
घोरावल ब्लॉक के तेंदुई गांव के रहने वाले उपभोक्ता नंदलाल ने बताया कि उनके पिता हरिप्रसाद के नाम से बिजली कनेक्शन है। हाल ही में उन्होंने कनेक्शन लिया है और उनके यहां मीटर भी लगा है। कनेक्शन लेने के बाद से अब तक वह 1102 यूनिट बिजली ही उपभोग किए हैं। बावजूद इसके उनका बिल 35196 रुपया आ गया है। आखिरी दिनों में बढ़कर बिल आने की जानकारी हुई तो वह रविवार को राबर्ट्सगंज एक्सईएन कार्यालय पहुंचें। सर्वर की गड़बड़ी से बिल में संशोधन नहीं हो सका। इस नाते वह ओटीएस योजना से वंचित रह गए।
केस: दो
राबर्ट्सगंज के पूरब मोहाल निवासी दिव्यांग निर्मला ज्यादा बिल आने से परेशान हैं। निर्मला के मुताबिक बीते 19 सितंबर को 15514 रुपये बिल आया था। अब दो माह बाद ही उसका बिल बढ़कर 20142 रुपये आ गया है। बिल सुधार के लिए वह दो दिन से विभाग का चक्कर लगा रही है।
केस: तीन
फिर आ गया 11162 रुपये का बिल
नगर के विस्तारित क्षेत्र सजिहन खुर्द के रहने वाले मनीष कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक वह हर माह का बिल जमा करते आ रहे हैं। उनके पास बिल की रसीद भी है। अभी वह नौ नवंबर को 1252 रुपये का बिल एक्सईएन कार्यालय स्थित काउंटर पर जाकर जमा किया है। एक माह बाद ही 11162 रुपये का बिल विभाग ने थमा दिया। गड़बड़ी में सुधार के लिए वह भी विभाग का चक्कर लगा रहा है।
जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल में त्रुटि हुई है, वह कार्यालय आकर संपर्क करें। उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस तरह की समस्याएं दूर भी कराई जा रही हैं। -अमित कुमार गुप्ता, एआर/एसडीओ-राबर्ट्सगंज विद्युत वितरण खंड।