महाशिवरात्रि पर मंगलवार को गुप्तकाशी (सोनांचल) शिव की भक्ति में डूब गई। जिले के शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा।
सुबह से ही लोगों ने मंदिरों पर पहुंचकर जलाभिषेक किया और पूजन- अर्चन कर सुख, समृद्धि की कामना की। राबर्ट्सगंज में शिव-पार्वती की झांकी और शिव बारात निकली। इसमें श्रद्धालु जमकर झूमे।
इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। शिवरात्रि पर सुबह से ही महिलाओं समेत तमाम श्रद्धालुओं की शिव मंदिरों पर भीड़ उमड़ने लगी थी।
उन्होंने नारियल, मिठाई चढ़ाया और शिवलिंग का जलाभिषेक किया। राबर्ट्सगंज ब्लाक के बरैला, पंचमुखी, कंडाकोट, गौरीशंकर मेें जहां श्रद्धालुओं का दर्शन- पूजन के लिए तातां लगा रहा वहीं जिले के
अन्य शिव मंदिरों शिवद्वार, गोठानी, निपनिया, नलराजा मऊ में भी लोगों ने पूजन-अर्चन कर सुख और समृद्धि की कामना की। इन जगहों पर मेले का भी आयोजन किया गया। बच्चों में मेले को लेकर गजब का उत्साह रहा।
खिलौने से लेकर मिष्ठान और अन्य खाद्य सामग्रियों की बिक्री हुई। ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से सिविल लाइन्स रोड पर शिव-पार्वती की झांकी निकाली गई। इस दौरान लोगों को प्रसाद भी वितरित किया गया।
ब्रह्माकुमारी सुमन की देखरेख में निकली झांकी कई क्षेत्रों में पहुंची। उधर रंगीला कावर संघ की ओर से शिवरात्रि पर गुरुद्वारा के पास स्थित शिव मंदिर से शिव बारात निकाली गई।
चोपन संवाददाता के अनुसार गोठानी स्थित सोमनाथ मंदिर में शिवरात्रि पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। यहां मध्य प्रदेश के सीमावर्ती गांवों के लोगों की भारी भीड़ रही। घोरावल प्रतिनिधि के अनुसार गुप्त
काशी कहे जाने वाले शिवद्वार में शिवरात्रि पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां यूपी और मध्य प्रदेश के लोगों ने पूजन अर्चन के साथ ही जलाभिषेक भी किया। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
शाहगंज संवाददता के अनुसार गौरीशंकर में शिवरात्रि पर जलाभिषेक किया गया।चुर्क संवाददाता के अनुसार बोल बम सेवा समिति की ओर से शिवरात्रि पर मंगलवार को नगर पंचायत के पानी टंकी से शिवबारात निकली।