बीजपुर परिक्षेत्र (जरहां वन रेंज) के जरहां ग्राम पंचायत के दिघुल टोले के पास अजीर नदी में छापेमारी कर एसडीएम दुद्धी डा. विश्राम सिंह यादव ने बड़े पैमाने पर अवैध खनन पकड़ा। पांच किमी एरिया में बालू का अवैध खनन होता देख वह भौचक रह गए। नदी के किनारों पर पत्थर खनन का दृश्य भी चौंकाने वाला रहा।
मौके से अवैध खनन कर रहे लोग ट्रैक्टर लेकर भाग खड़े हुए। एसडीएम ने डीएम को मामले की जानकारी देने के साथ ही खान विभाग और वन विभाग को इसकी सूचना दी और संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
शनिवार को दोपहर बाद दो बजे के करीब एसडीएम जरहां नदी पर पहुंचे तो खनन कर रहे लोगों में अफरातफरी मच गई।
जब तक एसडीएम पूरा माजरा समझ पाते, तब तक खनन कर रहे लोग उपकरण और ट्रैक्टर लेकर भाग खड़े हुए। इसके बाद एसडीएम ने ग्रामीणों से पूरी जानकारी हासिल की और पांच किमी तक की पूरी एरिया पैदल खंगालते ही चप्पे-चप्पे का जायजा लिया।
अवैध खनन स्थल से कुछ दूरी पर मो. शफा के घर पर बड़ी मात्रा में बालू का भंडारण भी पाया गया। एसडीएम डा. विश्राम ने बताया कि डीएम को पूरे वाकए से अवगत करा दिया गया है। लेखपाल की भूमिका संदिग्ध मिली है, जिसके खिलाफ कार्रवाई के लिए नायब तहसीलदार पवन कुमार को निर्देश दे दिए गए हैं।
डंप बालू की जांच कर वस्तुस्थिति से अवगत कराने और अवैध खनन स्थल पर पड़े बोल्डर को कोई हटाने न पाए, इसके लिए बीजपुर पुलिस को भी जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कहा कि जिस तरह से अवैध खनन हो रहा था, उससे स्पष्ट है कि इसमें बड़ा सिंडीकेट लगा हुआ था। पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही डीएम को सौंपी जाएगी।