म्योरपुर। बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शनिवार को न्याय पंचायत बेलहत्थी और कुलडोमरी के दस प्राथमिक विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्कूलों में ताला लटकता मिला। इसको गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने नौ अध्यापकों को निलंबित किया। साथ ही ड्यूटी से लापता कई शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का वेतन रोक दिया है।
बेसिक शिक्षाधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शनिवार को म्योरपुर खंड शिक्षा क्षेत्र के न्याय पंचायत बेलहत्थी व कुलडोमरी के दस प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय मकरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय मकरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय बेनादह, प्राथमिक विद्यालय बेनादह, प्राथमिक विद्यालय पाटी, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय कमपोजिट बड़हरा, प्राथमिक विद्यालय बियहवा, उच्च प्राथमिक विद्यालय बियहवा प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय खजुरा का निरीक्षण किया। बीएसए ने बताया कि उच्च प्राथमिक विद्यालय मकरा की सहायक अध्यापिका रीना गुप्ता, नूतन सिंह, रेखा कुमारी व अनुदेशक रामानुज पाठक, सीमा भारती को अनुपस्थित पया गया। इसके चलते उनके वर्तमान माह का वेतन अवरुद्ध किया गया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय बेनादह, प्राथमिक विद्यालय बेनादह, उच्च प्राथमिक विद्यालय पाटी, उच्च प्राथमिक विद्यालय पाटी, प्राथमिक विद्यालय बियहवा, उच्च प्राथमिक विद्यालय बियहवा निरीक्षण में बंद पाए जाने पर क्रमश: प्राथमिक अध्यापक कमला सिंह, तारामती, रोहित यादव, इंस्पेक्टर वैश, एकता कृति, यशपाल सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, आराधना वर्मा को अपने उत्तरदायित्व के प्रति घोर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया। इन विद्यालयों पर कार्यरत शिक्षामित्र अरुण कुमार, लल्ला कुमार, संजीव कुमार व आनंद कुमार का वर्तमान माह का मानदेय अवरुद्ध किया गया। इसी प्रकार उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़हरा के सहायक अध्यापक संजय कुमार, आराधना शर्मा को अनुपस्थित पाए जाने पर वर्तमान माह का वेतन अवरुद्ध किया गया। इसके साथ ही सहायक अध्यापक चिराग माटा नौ जून से लगातार अनुपस्थित पाए जाने पर निलंबित किया गया। खुजरा की सहायक अध्यापक रेनू यादव, रंगनाथ मिश्रा, अनुदेशक अनिमेष कुमार पांडे, विनय कुमार यादव, देवव्रत चतुर्वेदी को अनुपस्थित मिलने पर वर्तमान माह का वेतन अवरुद्ध किया गया।
- पढ़ाई के प्रति शिक्षकों की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।-डा. गोरखनाथ पटेल, बेसिक शिक्षा अधिकारी।