जिले में दो दिनों के भीतर रुक - रुक कर हुई बारिश की वजह से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ और पानी लगने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
राबर्ट्सगंज बढ़ौली चौक, उरमौरा, धर्मशाला चौक, चंडीहोटल के साथ ही मधुपुर, मारकुंडी, सलखन, चोपन और डाला में लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। दो-दो घंटे तक जाम में स्कूली बसें फंसी रहीं, जिससे नौनिहालों के साथ ही अभिभावक परेशान रहे।
बता दें कि चेतक कंपनी की ओर से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग को फोरलेन बनाया जा रहा है। इसकी वजह से जगह-जगह सड़क को खोद दिया गया है। बारिश से गड्ढों में पानी भर गया है और जहां पर निर्माण कार्य चल रहा है वहां की सड़क भी कीचड़युक्त हो गई है।
ऐसे में जहां लोगों को कीचड़युक्त सड़क होने से आने-जाने में परेशानियाें का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्कूली बसों के जाम में फंस जाने से नौनिहालों को बेवजह दो-दो घंटे तक परेशान होना पड़ रहा है।
अपने बच्चों के आने का इंतजार कर रहे अभिभावक भी समय से बच्चों के न पहुंचने पर परेशान हैं। चोपन बस स्टैंड से सोन नदी पुल तक और बग्घानाला तक जाम लगा रहा। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से स्कूली बसों के समय जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस प्रबंध किए जाने की मांग की है। ताकि स्कूल से छूटने वाले बच्चे अपने समय से घर पहुंच सकें।