उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष व्यास गोड़ ने रविवार को जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की और अनुसूचित जाति, जनजाति के लिए चल रही योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश दिया।
राबर्ट्सगंज के लोक निर्माण विभाग अतिथि गृह में हुई बैठक में उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में मानक के अनुरूप विद्यालय संचालित हों।
जिले में संचालित स्कूल बस के ड्राइवर के पास मोबाइल फोन न रहने दिया जाए। बच्चों को ले जाने और ले आने के समय किसी से बात न करें, ताकि बच्चे सुरक्षित स्कूल जा सकें और वापस आ सकें।
उन्होंने समाजवादी पेंशन योजना की समीक्षा करते हुए पात्रों को हर हाल में पेंशन का लाभ दिलाने और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के संवर्ग के मुकदमों को दर्ज करने की हिदायत दी।
कहा कि थाने में आने वाले सभी पीड़ितों का मुकदमा दर्ज किया जाए। एससी, एसटी वर्ग के पीड़ित व्यक्तियों को सहायता समय पर दी जाए और पुलिस फाइनल रिपोर्ट लगाने से पहले पीड़ित व्यक्ति की आर्थिक सहायता की समुचित जानकारी ले।
उन्होंने सूचना एवं जन संपर्क विभाग से होर्डिंगों के जरिए लोकप्रिय सरकार के कार्यक्रमों का प्रचार-प्रचार करने का निर्देश दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संविदा पर की गई नियुक्तियों और अब तक खरीदी गई दवाओं और मरीजों को बांटी गई दवाओं का ब्योरा भी तलब किया।