फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: आया सावन झूम के... 24 घंटे में 36 एमएम बरसात

विज्ञापन
विज्ञापन
सोनभद्र। सावन का आगाज ही अच्छी बरसात के साथ हुआ है। बृहस्पतिवार की आधी रात से शुरू हुई बारिश की झड़ी शुक्रवार को पूरे दिन लगी रही। मौसम विभाग के आंकड़ों में पिछले 24 घंटे के अंदर जिले में 36 एमएम औसत वर्षा दर्ज की गई। कहीं रात में अच्छी बरसात हुई तो कहीं दिन भर मेघ बरसते रहे। पहाड़ी नदियों और नालों में पानी बढ़ने से बांधों के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की गई। रिहंद बांध का जलस्तर 259 मीटर को पार कर गया है। वहीं नगवां बांध में जलस्तर बढ़ने के बाद 487 क्यूसेक पानी कर्मनाशा नदी में छोड़ा गया। नदी के तटवर्ती इलाकों में अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को उमस के चलते लोग बेहाल थे। देर रात मौसम ने करवट ली। कैलेंडर में तारीख बदलने के साथ ही बारिश का क्रम भी शुरू हो गया। रॉबर्ट्रसगंज नगर व आसपास के इलाकों में पूरी रात तेज बारिश जारी रही। यहां 52.50 एमएम वर्षा दर्ज की गई। रिहंद, ओबरा, नगवां, धंधरौल और चोपन में लगे वर्षा मापी यंत्र में भी अच्छी बरसात रिकाॅर्ड हुई। बारिश के चलते नगर के कई इलाकों में पानी भर गया। खेत-खलिहान तालाब बन गए तो सरोवरों में लबालब पानी भर गया। जलभराव से निजात दिलाने के लिए सुबह से ही नगर पालिका की टीम जुट गई थी। जाम नालों को साफ कराकर पानी की निकासी कराई गई, जिसके चलते कहीं भी पानी रुकने की समस्या नहीं आई। बारिश के चलते अधिकांश स्कूलाें में छुट्टी घाेषित कर दी गई थी। दफ्तरों, बाजारों में भी भीड़ कम रही।
तापमान में मामूली गिरावट
मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह के मुताबिक शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.20 सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि बृहस्पतिवार का अधिकतम तापमान 28.8 और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस था। प्रेक्षक ने बताया कि आगे भी दो दिनों तक अच्छी बारिश के आसार हैं।
विज्ञापन

-
दो सेमी प्रति घंटे बढ़ रहा सोन का जलस्तर
लगातार बारिश के चलते सोन नदी के जलस्तर में वृद्धि होने लगी है। बाढ़ कंट्रोल रूम के मुताबिक सोन नदी का जलस्तर प्रति घंटे दो सेमी की गति से बढ़ रहा है। चोपन में स्थित गेज सेंटर पर सोन नदी का जलस्तर शुक्रवार की सुबह 166.44 मीटर दर्ज किया गया। यहां नदी के खतरे का निशान 171 मीटर है। तटवर्ती इलाकाें में निगाह रखी जा रही है।

पानी की निकासी बंद होने सड़क पर जलभराव
कोन। स्थानीय कस्बा स्थित पंचमुहान से कोन बस्ती व थाना जाने वाली सड़क लगातार हो रही बारिश से जलमग्न हो गया है। इससे कस्बे के सैकड़ों परिवारों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कस्बा निवासी देव प्रकाश, श्याम राज, कमलेश ओझा, शंभूनाथ आदि का कहना है कि बरसात होते ही सड़क पर 100 मीटर तक लगभग दो फीट पानी लग गया है। इससे बाजार से साग सब्जी खरीदना मुश्किल हो गया। जब भी बस स्टैंड जाना हो तो सड़क पर लगे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। अगर जल निकासी की तत्काल व्यवस्था नहीं की जाती है तो घरों में पानी घुसना शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें