म्योरपुर। बालू लदे ट्रकों के खड़े होने से मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रविवार की सुबह से ही जाम लगा रहा। इस दौरान सफर करने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने ओवरलोड वाहनों के चलने से आए दिन लग रहे जाम से निजात दिलाने की मांग की है।
मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर बालू लदे ओवरलोड ट्रकों के गुजरने से आए दिन जाम लगता है। इस मार्ग पर रविवार की सुबह से ही जाम लगा रहा है। आरवाई सिंह घाटी में ट्रकों को चढ़ाने के लिए ट्रैक्टर टोचन किया जाता है। उन ट्रैक्टरों को पिपरी पुलिस द्वारा दो दिनों से धरपकड़ कर बंद किए जाने के बाद से ही ओवरलोड ट्रकों के खड़े होने की वजह से भीषण जाम लग गया है। रविवार को पांच से छह घंटे तक जाम से जूझने के बाद पहुंची पुलिस ने किसी तरह जाम समाप्त कराया, हालांकि शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। ओवरलोड ट्रकों पर नियंत्रण न होने को लेकर लोगों में नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों रामराज, रामसूरत, रमेश, विजय कुमार, गोविंदराम आदि ने बताया कि ओवरलोड ट्रकों की वजह से भीषण जाम लग रहा है। इसकी वजह से लोग रेणुकूट काम पर भी नहीं जा पा रहे हैं। यही नहीं जाम की वजह से एंबुलेंस चालकों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री वाहन भी जाम में फंसे रहे। इस दौरान यात्रियों को गर्मी के वजह से भी काफी परेशानी हुई। तमाम श्रमिक तो जाम की वजह से अपने घरों को वापस लौट गए। कोरोना कर्फ्यू के बावजूद जो श्रमिक काम पर जा रहे थे उन्हें निराशा हाथ लगी। ग्रामीणों ने ओवरलोड ट्रकों के संचालन से निजात दिलाने की मांग की है।
खनन विभाग ने तीन ट्रकों को किया सीज
म्योरपुर। खनन विभाग की टीम ने शनिवार की रात बालू लदे ओवरलोड तीन ट्रकों को सीज कर दिया है। इस दौरान खनन विभाग की टीम ने तीन ओवरलोड ट्रकों को सीज कर म्योरपुर थाने के सुपुर्द कर दिया है। म्योरपुर पुलिस ने बताया कि खनन विभाग द्वारा तीन बालू लदी ओवरलोड ट्रकों को उनकी सुपुर्दगी में दिया है।