दुद्धी के जाबर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर नही मिल रहा पेट्रोल-संवाद
दुद्धी। पेट्रोल-डीजल की किल्लत और दाम बढ़ने की अफवाह से आम उपभोक्ता परेशान हैं। अफवाह के चक्कर में लोग वाहनों में पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंपों पर उमड़ पड़े। इस दौरान कई पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक खत्म हो गया, जबकि डीजल की बिक्री जारी रही।
स्थानीय कस्बा, बिडर, रजखड़, जाबर, पोलवा सहित आसपास के गांवों में यह अफवाह फैली कि अमेरिका, इस्रायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल के दामों में जल्द बढ़ोतरी हो सकती है। इस खबर के फैलते ही नेशनल हाईवे-39 स्थित पेट्रोल पंपों पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। जाबर गांव के पेट्रोल पंप पर बीते तीन दिन से पेट्रोल का स्टॉक समाप्त होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ता आनंद कुमार, अभिमन्यु प्रजापति व रन्नू निवासी रामजनम ने बताया कि दो दिनों से पेट्रोल के लिए क्षेत्र में करीब 10 किलोमीटर तक भटकना पड़ा, लेकिन कहीं पेट्रोल नहीं मिला, जबकि डीजल मिल रहा है। जाबर पेट्रोल पंप के मैनेजर विजय शंकर तिवारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से पंप पर पेट्रोल का स्टॉक खत्म है। कंपनी से लगातार डिमांड भेजी जा रही है। सप्लाई मिलते ही पेट्रोल का वितरण सामान्य रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
दुद्धी के जाबर गांव स्थित पेट्रोल पंप पर नही मिल रहा पेट्रोल-संवाद