घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के जमगाई गांव में बुधवार को पट्टा वितरण करने को लेकर आयोजित खुली बैठक में कुछ लोगों के बीच नोकझोंक हुई। जिससे गरीबों मे होने वाले पट्टा वितरण की प्रक्रिया रुक गई। ग्राम प्रधान ने एक व्यक्ति पर हवाई फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
कोतवाली पर तहरीर देकर ग्राम प्रधान जमगाई जितेंद्र कुमार पाठक ने पुलिस को अवगत कराया कि हल्का लेखपाल की अध्यक्षता में आवासीय पट्टा का वितरण किया जाना था। आठ से 10 की संख्या में कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। एक व्यक्ति द्वारा चाकू और कट्टा लेकर भीड़ में हवाई फायरिंग की गई। हवा में तमंचा लहराते हुए वह निकल गया। ग्राम प्रधान ने प्रार्थना पत्र में बताया कि बैठक के दौरान उपस्थित लोगों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसी मामले में जमगाई निवासी सुशीला देवी ने तहरीर देकर गांव के ही करीब आधे दर्जन लोगों ने गोलबंद होकर उसके ऊपर जानलेवा हमला कर, दाहिना हाथ तोड़ दिया और उसे अंदरूनी चोटें आईं हैं। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है।