रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के नेवारी गांव में स्थित एक तालाब में बुधवार को लापता एक किशोर का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की शिनाख्त अजीत गोड़ के रूप में हुई। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नेवारी गांव निवासी अजीत गोड़ (16) पुत्र रामपूजन गोड़ अक्सर बीमार रहता था। मंगलवार दोपहर अजीत घर से गांव में निकला। देर रात तक वह वापस घर नहीं पहुंचा तो घरवाले उसकी तलाश करने में जुट गए। बुधवार दोपहर करीब दो बजे गांव स्थित तालाब में अजीत का शव उतराया मिला। इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से शव निकलवाया। रामपूजन राजगीर का कार्य करते हैं। दो भाई और तीन बहन में अजीत बड़ा था। उधर प्रभारी निरीक्षक भुवनेश्वर पांडेय ने कहा कि किशोर की मौत कैसे हुई इसका पता किया जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा।