रॉबर्ट्सगंज संत कीनाराम महिला महाविद्यालय में मेंहदी प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी छात्राएं।
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज स्थित संत कीनाराम महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को हरतालिका तीज के उपलक्ष्य में मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं की 50 छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के निदेशक डॉ. गोपाल सिंह ने किया। उन्होंने छात्राओं को हरतालिका तीज के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। साथ ही तीज की शुभकामनाएं देते हुए छात्राओं को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय की समस्त अध्यापिकाओं के निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता में बीए पंचम सेमेस्टर की छात्रा रुचिका ने प्रथम स्थान हासिल किया। बीए प्रथम सेमेस्टर की नीति और बीएससी प्रथम सेमेस्टर की ज्योति संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं, बीए प्रथम सेमेस्टर की आफरीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन पर निदेशक डॉ. गोपाल सिंह एवं अध्यापिकाओं ने विजेता छात्राओं की घोषणा कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर शिक्षा सिंह, आयुषी श्रीवास्तव, ज्योति पाण्डेय, नेहा पाण्डेय, सीमा देवी समेत महाविद्यालय की समस्त अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।