सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने आरपीएफ की रेणुकूट चौकी के दरोगा वंशीधर को धक्का दे दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें चोपन सीएचसी से वाराणसी रेफर किया गया। वहीं, मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरोह के बाकी बदमाशों की तलाश की जा रही है।
आरपीएफ की रेणुकूट चौकी में तैनात वंशीधर को रात में गुरमुरा एरिया में चोरों की मौजूदगी की सूचना मिली। वह अपनी टीम के साथ मौके पहुंचे तो पांच-छह लोग रेलवे की केबल काट रहे थे। आरपीएफ को देख चोर भागने लगे। टीम ने उनका पीछा किया तो वे पास की पहाड़ी पर चढ़ गए।
इसी बीच चोरों ने वंशीधर को धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टीम के साथी उन्हें लेकर चोपन सीएचसी पहुंचे, जहां से डॉक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया गया।
उधर, घटना जानकारी मिलते ही आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दबिश देकर तीन चोरों को गिरफ्तार लिया। रूपेश कुमार ने बताया कि दरोगा की हालत खतरे से बाहर है। मुकदमा दर्ज कर अनिल कुमार गोंड, लालता, सोनू निवासी कोटा, थाना चोपन को गिरफ्तार कर लिया गया है। संवाद