सोनभद्र। शिकायतों के समाधान में राॅबर्ट्सगंज कोतवाली को लगातार पांचवीं बार जिले में पहला स्थान मिला। इस उपलब्धि के लिए सीओ ने कोतवाल और अन्य कर्मियों को सम्मानित किया।
एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) में शिकायतों के समाधान पर राॅबर्ट्सगंज पुलिस की ओर से बेहतर तरीके से कार्य किया जा रहा है। नवंबर माह की रैंकिंग में इसे जिले में पहला स्थान मिला है। जुलाई से अब तक कोतवाली को लगातार पांचवी बार पहला स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए बृहस्पतिवार को सीओ डॉ. चारु द्विवेदी ने राॅबर्टसगंज कोतवाल सतेंद्र राय, मुंशी अमित और श्रीकृष्ण को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सीओ ने कहा कि आईजीआरएस से प्राप्त होने वाली शिकायतों का पूरी संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाता है। शिकायतकर्ता की संतुष्टि और फीडबैक ही जांच करने वाले अधिकारियों के प्रदर्शन का मानक होता है। आईजीआरएस मॉनिटरिंग सेल की ओर से शिकायतों पर कार्रवाई और निस्तारण का फीडबैक लिया जाता है। थाना स्तर पर शिकायतों के निस्तारण पर समस्या आने पर उच्चाधिकारियों के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई की जाती है।