सोनभद्र। प्रयागराज में लग रहे महाकुंभ के लिए जिले में भी तैयारी तेज हो गई है। श्रद्धालुओं को महाकुंभ तक पहुंचाने के लिए रोडवेज की 30 बसों का संचालन किया जाएगा। बसों के रंग रोगन सहित अन्य मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह बसें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से रवाना होंगी।
वर्षों बाद प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन हो रहा है। कुंभ के दौरान संगम में डूबकी लगाकर पुण्य हासिल करने के लिए अभी से लोग लालायित हैं। इसके मद्देनजर रोडवेज भी तैयारी में जुट गया है। महाकुंभ के लिए जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से बसों को रवाना किया जाएगा। मिर्जापुर होते हुए प्रयागराज जाने वाली बसों को अलग रंग में रंगा जा रहा है, जिससे उनकी दूर से ही पहचान हो सके। बसें महाकुंभ के लिए बने अस्थाई बस अड्डे तक पहुंचेंगी और वहीं से सवारी लेकर वापस लौटेंगी। रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक विश्राम ने बताया कि शासन के निर्देश पर बसों को महाकुंभ के लिए तैयार किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों को भी लगाया जाएगा। यात्रियों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।