राबर्ट्सगंज से शक्तिनगर की तरफ जा रही रोडवेज बस का ब्रेक अचानक फेल होने से हड़कंप मच गया। चालक ने किसी तरह बस को सड़क के किनारे खड़ा किया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इससे बड़ा हादसा टल गया।
बस में 50 से ज्यादा यात्री सवार थे। यात्री दूसरे वाहन को पकड़ कर अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। रोडवेज बस सोमवार की सुबह करीब साढे़ नौ बजे सवारियों को लेकर शक्तिनगर की ओर जा रही थी। बस चोपन थाना क्षेत्र के मारकुुंडी घाटी में पहुंची तो अचानक उसका ब्रेक फेल हो गया।
इससे यात्री सहम गए, लेकिन चालक और कंडक्टर ने यात्रियों को शांत रहने को कहा। इसके बाद चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग के किनारे रखी गिट्टी में खड़ा किया तब जाकर लोगों की जान बची।
वरना बस सड़क के किनारे पहाड़ी से टकराती या फिर खाई में गिरना तय था। घटना के बाद बस से उतरे यात्रियों ने राहत की सांस ली और फिर दूसरे वाहन को पकड़ कर गंतव्य के लिए रवाना हो गए।