राबट्सगंज विकास नगर में पाईप लाइन खुदाई के बाद सडक पर बिखरा मलवा।स्रोत जागरूक पाठक
सोनभद्र। हर घर नल योजना के अंतर्गत नगर में पाइपलाइन बिछाने का काम कराया जा रहा है, लेकिन खोदाई के बाद सड़कों की समय पर मरम्मत न होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
विकास नगर कॉलोनी, रेलवे स्टेशन रोड, पिपरी रोड सहित कई इलाकों में हाल ही में बनी सड़कों को पाइपलाइन डालने के लिए जगह-जगह खोद दिया गया है।
नागरिकों का आरोप है कि कार्य पूरा होने के बाद भी सड़कों को पूर्व स्थिति में नहीं लाया जा रहा है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उबड़-खाबड़ और धूलभरी सड़कों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। दुकानदारों का कहना है कि उड़ती धूल से व्यापार प्रभावित हो रहा है।
वहीं, गड्ढों के चलते बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बनने की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे समस्या और गंभीर हो सकती है। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बताया कि इस संबंध में पहले भी बात की जा चुकी है और शिकायतें समाधान दिवस में भी प्राप्त हुई हैं। संबंधित विभाग को नोटिस भेजा जाएगा। अगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो डीएम से वार्ता कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। संवाद
राबट्सगंज विकास नगर में पाईप लाइन खुदाई के बाद सडक पर बिखरा मलवा।स्रोत जागरूक पाठक