सड़क सुरक्षा अभियान के तहत रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स रेणुसागर की ओर से ट्रक पार्किंग परिसर में ड्राइवरों के साथ एक दिन थीम पर एक दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई। सभी ने हिंडाल्को की जीरो हार्म नीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
फायर सेफ्टी टीम ने प्रस्तुत एकांकी के माध्यम से सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। मुख्य अतिथि यूनिट हेड आरपी सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि जीवन की रक्षा का संकल्प है। उन्होंने चालकों से संवाद करते हुए ट्रैफिक नियमों, वाहन की नियमित जांच, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग एवं संयंत्र परिसर में सुरक्षित ड्राइविंग पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चालकों एवं ट्रांसपोर्टरों को सम्मानित भी किया गया। हेड संचालन मनीष जैन एवं हेड एचआर आशीष कुमार पांडेय ने सुरक्षित ड्राइविंग के लिए हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, गति सीमा के पालन और नशे से दूर रहकर वाहन चलाने की अपील की। संचालन रोड एंड ड्राइविंग सेफ्टी टास्क फोर्स के कन्वेनर मुकेश श्रीवास्तव ने किया। अंत में अध्यक्ष ललित खुराना ने आभार जताया। इस मौके पर विभु पात्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल सुरेश नारायणन, सेफ्टी हेड अरविंद सिंह, सुधाकर अन्नामलाई, अभिनीत सिंह, मनोज पांडेय, शैलेश श्रीवास्तव, मधुसूदन राव, लोकेश सिंह आदि उपस्थित रहे।