अनपरा(ब्यूरो)। देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थान प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस में सिंगरौली की रिया सिंह ने 133वां और अनपरा के पुलकित सचान ने 505वीं रैंक हासिल कर ऊर्जांचल का मान बढ़ाया है। दोनों ने यह सफलता पहले प्रयास में हासिल की। इसी तरह कई और होनहारों ने परीक्षा क्वालीफाई कर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया।
रिया के पिता एनसीएल में सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर हैं। उसकी तमन्ना इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कुछ नया करने की है। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार सचान के लाडले का सपना इंजीनियरिंग में बेहतर करने का है। संत फ्रांसिस स्कूल के ही शुभम ने 3458वीं रैंक हासिल की। अनपरा बाजार निवासी सलोनी जैन ने 1108वीं रैंक, अनपरा परियोजना में डीजीएम इं. आरएन श्रीवास्तव के लाडले अमेय विक्रम 1572वीं रैंक हासिल की।
आदित्य बिड़ला रेणुसागर इंटर कालेज टॉप करने वाले मोहम्मद आतिफ ने 2407वीं रैंक, एक्सईएन सुनील कुमार पांडेय के पुत्र प्रतीक पांडेय ने 2975वीं, प्रियांक मोहन वर्मा ने 3105वीं रैंक, अक्षय कुमार ने 5624वीं रैंक हासिल कर परिवार और विद्यालय का मान बढ़ाया। अनपरा परियोजना के जेई अरुण कुमार दूबे के पुत्र शशि प्रकाश दूबे ने 6353वीं रैंक हासिल की।