सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर स्थित एक होटल में सोमवार को राइस मिलर्स एसोसिएशन ने गोष्ठी की। इसमें विभिन्न मांगों को लेकर एसोसिएशन के लोगों ने आवाज बुलंद की।
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष यूसी मिश्र ने कहा कि राइस मिलर्स को बीते 20 साल से 10 रुपये प्रति क्विंटल धान की कुटाई मिल रही है। इसे अभी तक नहीं बढ़ाया गया। सरकार हम लोगों की मांगे जब तक नहीं मानती तब तक सभी मिलर 2021-2022 के कांटेक्ट कुटाई का कार्य नहीं करेंगे। जब तक संगठन का दिशा निर्देश नहीं मिलेगा, तब तक किसी भी मिल का सत्यापन व एग्रीमेंट नहीं कराया जाएगा।
इस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताई और अपनी आवाज बुलंद की। वहीं जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह ने बताया कि प्रदेश में चावल उद्योग कृषि पर आधारित सबसे बड़ा व सर्वाधिक रोजगार सृजन करने वाला उद्योग है, लेकिन सरकारी नीतियों में उपेक्षा के कारण यह उद्योग आर्थिक बदहाली का शिकार है। इस दौरान ओम प्रकाश पांडेय, अवनीश सेठ, अमित सिंह, दिलीप कुमार जायसवाल, संतोष कुमार, बेचन प्रसाद, बुद्धिनाथ, अशोक कुमार, विजय, गोविंद, रत्नेश केसरी, विनीत, रवि कुमार, ओंकार मिश्रा, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।