सोनभद्र। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित सात आरोपियों पर पुरस्कार घोषित किया है। एसपी अभिषेक वर्मा ने सभी संबंधित पुलिस टीमों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। गिरफ्तारी नहीं होने पर एसपी ने आरोपियों पर 10 हजार से 25 हजार रुपये तक का इनाम घोषित किया है।
इनमें रायबरेली जिले के थाना चांदपुर क्षेत्र अंतर्गत ऋषभ सिंह उर्फ आदित्य उर्फ अंकुश, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली उरमौरा निवासी रामू पर 20-20 हजार, जैत निवासी गोपाल पर 21 हजार, उरमौरा निवासी मंजूर पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है।
इसी तरह चोपन थाना क्षेत्र के डाला चढ़ाई निवासी सुनीता पत्नी सुधीर उर्फ छोटू पर 10 हजार, चूड़ी गली मार्केट डाला निवासी हाशिम पर 20 हजार और डाला चढ़ाई निवासी रमेश चंद्रवंशी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के साथ अन्य संबंधित धाराओं में भी प्राथमिकी दर्ज है। एसपी अभिषेक वर्मा ने आरोपियों के संबंध में सूचना जुटाने और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आमजन से अपील की है कि वांछित आरोपियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।