सोनभद्र। जिले में सोमवार से सरकारी कार्यालय खुलने के साथ ही शर्तों के साथ कुछ राहत दी गई है। लॉक डाउन के मद्देनजर प्रशासन की ओर से जिन कार्यों के लिए अनुमति दी गई है उनके अलवा अन्य कोई कार्य तीन मई तक नहीं होगा। प्रशासन के आदेश का पालन होने की रिपोर्ट थाना प्रभारी को देनी होगी। सोमवार को अधिकारी क्षेत्रों में भ्रमण कर लॉक डाउन का जायजा लेते रहे।
प्रशासन की सक्रियता के चलते अभी तक जिले में एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिले है। रविवार की अर्धरात्रि के बाद केंद्र/प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रशासन को शर्तों के साथ लॉकडाउन- 2.0 में ग्रामीण क्षेत्रों लगी औद्योगिक इकाईयों, खनिज, कोयला उत्पादन, खेतीबारी करने आदि की अनुमति दी है।
डीएम एस. राजलिंगम ने सभी एसडीएम और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि जिन कार्यों के लिए अनुमति दी गई है, उसके अलावा अन्य कोई भी कार्य नहीं होना चाहिए। अगर कोई लॉकडाउन का उलंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सोमवार को सदर एसडीएम यमुना धर चौहान, सीओ राजकुमार त्रिपाठी, कोतवाल मिथिलेश मिश्रा राबर्ट्सगंज नगर और आसपास के गांवों में भ्रमण कर लॉकडाउन का जायज लेते हुए लोगों को बेवजह घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी।