एनसीएल देश में पर्याप्त बिजली उत्पादन के लिए आवश्यक कोयले की निर्बाध आपूर्ति में अपनी अहम भूमिका निभाती रहेगी। प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार सार्थक प्रयास करती रहेगी। यह एनसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन एवं कार्मिक) डॉ. अनिंद्य सिन्हा ने मंगलवार को एनसीएल मुख्यालय में उज्ज्वल भारत उज्ज्वल भविष्य ऊर्जा के अंतर्गत कार्यक्रम में कहा। यह कार्यक्रम एनटीपीसी विंध्याचल, जिला प्रशासन सिंगरौली, एमपीपीकेवीवीसीएल व एनसीएल के सहयोग से आयोजित किया गया था।
मुख्य अतिथि विधायक सिंगरौली राम लल्लू वैश्य, विधायक देवसर सुभाष रामचरित वर्मा उपस्थित रहे। कलेक्टर सिंगरौली राजीव रंजन मीणा, सुभाष चन्द्र नायक, परियोजना प्रमुख, एनटीपीसी विंध्याचल, एनसीएल मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, एसई एमपीपीकेवीवीसीएल आरपी मिश्रा ने भी सहभागिता निभाई। इस दौरान योजना के लाभार्थियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम के दौरान घरेलू विद्युतीकरण, ग्रामीण विद्युतीकरण, विद्युत वितरण नेटवर्क सुदृढ़ीकरण, विद्युत उत्पादन क्षमता में वृद्धि, एक राष्ट्र एक ग्रिड, अक्षय ऊर्जा और उपभोक्ता अधिकारों पर फिल्में दिखाई गईं। नुक्कड़ नाटक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।