सोनभद्र। ईद-उल-फित्र का त्योहार मंगलवार को पूरी अकीदत और उल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम बंधुओं ने ईदगाह और मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी। मुल्क में अमन, शांति और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। एक-दूसरे को गले लगाकर और हाथ मिलाकर बधाइयां देने का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा। सेवई का भी जमकर लुत्फ उठाया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। यह पहली बार रहा, जब कहीं भी ईद की नमाज के लिए सड़क पर आवागमन रोकने की नौबत नहीं आई। मस्जिद और ईदगाहों के अंदर ही कई शिफ्टों में नमाज पढ़ी गई।
कोरोना के कारण दो वर्ष तक पाबंदियों में मनी ईद को लेकर कई दिनों से उत्साह का माहौल था। मंगलवार की सुबह ही अकीदतमंदों ने नहा-धोकर नए कपड़े पहने। फिजा में इत्र की खुशबू बिखेरते हुए ईदगाहों का रूख कर लिया। फ्लाईओवर के पास बड़ी ईदगाह में सुबह आठ बजे नमाज पढ़ी गई। उधर, जामा मस्जिद में मौलाना तौफीक आलम और नई मस्जिद में मौलवी खुर्शीद आलम व अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदस्य मुश्ताक अहमद ने नमाज कराई। तकरीर करते हुए सदर मुश्ताक अहमद ने एकजुटता और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। मौलाना हिफाजत हुसैन ने तकरीर में देश में अमन चैन रहने की दुआ की। एजाज कादरी प्यारे भाई ने कहा कि आपसी मोहब्बत और भाईचारा ही बेहतरीन समाज की पहचान है। नमाज समाप्ति के बाद मुस्लिम बंधुओं ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई और अपने घर ईद की सेवई खाने के लिए आमंत्रित किया। इस मौके पर अजहर खान, हिदायतुल्ला खान, हाजी फरीद खान, इंद्रदेव सिंह राजकुमार, नत्थू वारसी असलम राईन आदि मौजूद रहे।
बच्चों ने मस्जिद और ईदगाह के पास सजी दुकानों पर खरीदारी की और मेले का लुत्फ उठाया। बड़ी संख्या में पुलिस-प्रशासन के अफसर भी सुरक्षा व्यवस्था में डटे रहे। विंढमगंज: ग्राम पंचायत सलैयाडीह में जामा मस्जिद, बैरखड ग्राम पंचायत में जामा मस्जिद में आज ईद की नमाज मौलाना ने स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में कराई। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर सुहेल अहमद खान उर्फ नन्हें खान ने ईद की नमाज के बाद गले मिलने के बाद कोरोना काल के दो साल का जिक्र करते हुए आगे भी प्रेम-सौहार्द बनाए रखने और कोरोना के समूल नाश के लिए समुचित कदम उठाने की अपील की। इस मौके पर मुजीब खान, अबरार, शकील, मुस्तकीम, मन्नान, रियाज, हसनैन, सादिक, अंसार गनी, नसीम अहमद, इस्लाम मोहम्मद, जावेद अहमद, अली अकबर, मुर्तुजा आदि मौजूद रहे। थाना प्रभारी सूर्यभान फोर्स के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील रहे।
केकराही: रमजान माह के पूरा होने के बाद खैराही, भदोही, पांपी सहित अन्य गांवों में ईद की नमाज परंपरागत रूप से अदा की गई। मौलाना सेराज अहमद ने खैराही के इमामबाड़े में सभी को नमाज अदा कराई। बारी महेवा ईदगाह पर प्रशासनिक अफसरों के साथ जन प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सलखन: सलखन ईदगाह में मौलाना गुलाब रब्बानी, गुरमा ईदगाह में मौलाना मेंहदी हसन ने ईद की नमाज पढ़वाई। सलखन मस्जिद, मारकुंडी मस्जिद और गुरमा नगर पंचायत में मस्जिदों में भी नमाज अदा किया गया। इस मौके पर सदर मजनू शाह, अब्दुल कलाम, मुस्तफा, खुर्शीद अहमद, मंसूर अहमद, एकलाख आदि मौजूद रहे। सुरक्षा का पालन करते हुए चोपन पुलिस सलखन बाजार से लेकर कब्रिस्तान तक पुलिस मौके पर मौजूद रहे।
राबर्ट्सगंज ईदगाह में ईद की नमाज अदा करते मुस्लिम बंधू।- फोटो : SONBHADRA