कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन करते रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी। स्रोत स्वयं
कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विरोध प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौपा। ऑटोनॉमस स्टेट मेडिकल कॉलेज सोनभद्र के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने लखनऊ में वन बॉन्ड वन सैलरी की मांग को लेकर चल रहे शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान पुलिस के बल प्रयोग की निंदा की। एसोसिएशन के अनुसार घटना में चिकित्सक डॉ. सूरज के पैर में चोट आई है, जबकि एक अन्य चिकित्सक के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है।
एसोसिएशन ने कहा कि चिकित्सक समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। ऐसे में अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाने वाले चिकित्सकों पर बल प्रयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस तरह की घटना से चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। आरडीए ने सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि चिकित्सक संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान चाहते हैं, ताकि चिकित्सा सेवाएं और शिक्षण कार्य सुचारू रूप से चलते रहें। साथ ही स्पष्ट किया कि चिकित्सक जनसेवा और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. अखिलेश कुमार, डॉ. प्रत्युष सिंह, डॉ. राहुल सिंह, डॉ. मुकेश कुमार मौर्य, डॉ. मयूरेष रघुवंशी, डॉ. मृंगाक राणा, डॉ. अरविंद वैश्य, डॉ. अनुभव राय आदि मौजूद रहे।