रायपुर थाना क्षेत्र के सिकरवार गांव में शुक्रवार की रात आठ बजे तेज बारिश के बीच कच्ची दीवार ढह गई। मलबे में दबने से दादी-पोती की मौत हो गई। मां गंभीर रुप से घायल हुई है। प्रारंभिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
सिकरवार गांव निवासी अमर बहादुर के परिवार के लोग कच्चे मकान में खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। लगातार बारिश से कमजोर हुई कच्ची दीवार रात करीब आठ बजे अचानक ढह गई। घर में मौजूद अमर बहादुर की पत्नी मुन्नी देवी (47), बहू पूजा (25) और पौत्री भव्या (10 माह) दीवार के मलबे में दब गई। तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़कर घटना स्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में तीनों को मलबे से बाहर निकालकर वैनी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मुन्नी देवी और भव्या को मृत घोषित कर दिया। पूजा सिंह की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष विश्वज्योति राय ने परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।