कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली भव्य रूप में मनाई जाएगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। नगर के रामसरोवर तालाब के घाटों को दीपों से सजाया जाएगा। आकर्षक रंगोली भी बनेगी। इसका जिम्मा मारवाड़ी महिला व युवा मंच निभाएगा। उधर, नगर पालिका की ओर से भी साज-सज्जा की तैयारी की जा रही है।
भगवान श्रीराम के वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने की खुशी में कार्तिक अमावस्या पर दीपावली मनाई जाती है तो 15 दिनों बाद पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाने की मान्यता है। इसके तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अलग-अलग कार्यक्रम होते हैं। महज तीन दिन शेष रहने के कारण इसकी तैयारी शुरू हो गई है। नगर के रामसरोवर तालाब को देव दीपावली पर भव्य रूप में सजाया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद का कहना है कि तालाब की साफ सफाई और प्रकाश व्यवस्था के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है। देव दीपावली पर नगर पालिका की ओर से भी दीपदान किया जाएगा। ईओ विजय कुमार यादव की निगरानी में तैयारी चल रही है। वहीं मारवाड़ी महिला मंच की अध्यक्ष अंकिता केजरीवाल का कहना है कि इस वर्ष भी मंच की ओर से 2100 सौ से अधिक दीप जलाए जाएंगे। घाटों पर आकर्षक रंगोली भी बनेगी। मारवाड़ी युवा मंच अध्यक्ष सचिन अग्रवाल का कहना है कि 27 नवंबर के शाम मंच की ओर से दीपदान किया जाएगा। भव्य आरती भी होगी।
-
5100 दीपों से जगमग होगा शिवाजी तालाब
दुद्धी। कार्तिक पूर्णिमा पर नगर का शिवाजी तालाब 5100 दीपों से जगमग होगा। एसडीएम सुरेश राय की देखरेख में कार्यक्रम होगा। देव दीपावली आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण कनौजिया व विनय गुप्ता ने बताया कि शिवाजी तालाब के सभी घाटों पर 51 सौ दीप जलाएं जाएंगे। नगरवासियों की ओर से भी दीपदान किया जाएगा।
-
सोमेश्वर महादेव घाट पर जलेंगे 21 हजार दीप
- चेयरमैन ने समिति सदस्यों के साथ किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
चोपन। सोन नदी के घाटों पर देव दीपावली की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली और सोन सेवा समिति के अध्यक्ष संजीव त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर पूरा ध्यान रखने का निर्देश दिया।
घाटों की साफ सफाई, रंगरोपन का कार्य लगातार किया जा रहा है। बता दें कि सोन सेवा समिति की ओर से वर्ष 2014 से सोन के सोमेश्वर महादेव घाट पर देव दीपावली पर दीपदान की शुरुआत की गई थी। इस बार कार्यक्रम 27 नवंबर को होगा। घाट पर 21000 दीप जलाए जाएंगे। इससे पहले 26 नवंबर की सुबह पांच बजे से 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन का आरंभ होगा। निरीक्षण के दौरान आयोजन होगा तत्पश्चात 27 नवंबर को सुबह हरि कीर्तन समापन के पश्चात सभी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह, सत्यप्रकाश तिवारी, लिपिक अंकित पांडेय, राधारमण पांडेय आदि उपस्थित रहे।