सोनभद्र। भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन बृहस्पतिवार को जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखद भविष्य की कामना की। भाइयों ने रक्षासूत्र से बांधकर बहन की आजीवन सुरक्षा का संकल्प लिया। उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रक्षाबंधन पर्व पर सभी रोडवेज बसों में 2146 महिलाओं ने मुफ्त में सफर करते हुए एक लाख 97 हजार रुपये किराया बचाया।
बता दें कि इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा नहीं था। 14 अगस्त की दोपहर 2.47 बजे से शुरू हुई पूर्णिमा 15 अगस्त की सांय 4.23 मिनट तक थी। बृहस्पतिवार की अलसुबह से ही बहनों ने देवी-देवताओं की पूजन-अर्चन करने के बाद राखी बांधने में जुट गई। बहनों ने भाइयों की आरती उतारने के बाद उनकी कलाई में राखी बांधी। भाइयों ने बहनों को उपहार में कपड़े या नगदी दिया। पूरे दिन बाजारों में राखी और मिष्ठान की दुकानों पर भीड़ लगी रही। वहीं राबट्र्सगंज से होकर वाराणसी, मिर्जापुर, रेणुकूट, शक्तिनगर समेत अन्य स्थानों पर जाने वाली रोडवेज बसों में महिलाओं की भीड़ लगी रही। सोनभद्र रोडवेज डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी आरएन सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन 2146 महिलाओं ने फ्री में यात्रा करते हुए एक लाख 97 हजार रुपये की बचत की। शाहगंज, घोरावल, रामगढ़ और मधुपुर प्रतिनिधि के अनुसार पूरे क्षेत्र में धूमधाम से रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। कइयों ने बहनों के पास भी जाकर राखी बंधवाया। चोपन, डाला, दुद्धी, विण्ढमगंज, बभनी एवं म्योपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र मेें रक्षाबंधन पर्व को लेकर बड़ा उत्साह रहा। बहनों ने भाइयों की कलाई में प्यार की डोर बांधते हुए उनके दीर्घायु होने की दुआएं मांगी।