सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज-रामगढ़ मार्ग पर अगले पांच दिनों तक आवागमन बाधित रहेगा। ट्रैक मरम्मत कार्य के चलते इस मार्ग पर पड़ने वाला रेलवे क्राॅसिंग 26 से 30 अक्तूबर तक बंद रखा जाएगा। इस दौरान मार्ग से वाहन नहीं गुजर पाएंगे, राहगीर पैदल आ-जा सकेंगे। साइकिल व बाइक सवार रेलवे स्टेशन के आगे से घूमकर आ-जा सकेंगे। त्योहारी सीजन में स्टेट हाईवे पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग बंद किए जाने से राहगीरों को दुश्वारियां झेलनी पड़ सकती हैं।
घोरावल से रॉबर्ट्सगंज होते हुए बिहार सीमा तक जाने वाले स्टेट हाईवे पर नगर की सीमा में रेलवे क्रॉसिंग स्थित है। रायपुर, मांची, रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्रों के सैकड़ों गांवों सहित बिहार आने-जाने वालों के लिए यही प्रमुख मार्ग है। राेजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। ट्रैक मरम्मत के लिए इस रेलवे क्रॉसिंग को बंद रखने का निर्णय लिया गया। मरम्मत का कार्य ऐसे समय हो रहा है, जब त्योहारी सीजन चल रहा है। आवागमन का मुख्य मार्ग होने के कारण खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग परेशानियों से जूझेंगे। निजी साधन वाले तो कई किमी घूमकर दूसरे रास्तों से आ-जा सकेंगे, लेकिन अन्य लोगों को पैदल ही रेलवे क्रॉसिंग पार कर बाजार में आना होगा। कचहरी, तहसील, जिला मुख्यालय पर विभिन्न कार्यों से आने वाले आम ग्रामीणों के लिए भी यही स्थिति होगी। सबसे ज्यादा परेशानी छात्र-छात्राओं को उठानी पड़ सकती है। बसों का संचालन क्रॉसिंग से पहले तक ही रहेगा। ऐसे में बच्चों को स्कूल आने-जाने के लिए दूसरे साधनों की मदद लेनी होगी।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
रेलवे क्रॉसिंग बंद होने की दशा में वाहन सवार बिजौली गांव के पास से नहर के बगल से निकले रास्ते से चुर्क होते हुए आ-जा सकते हैं। बाइक व अन्य दो पहिया वाहनाें के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म पर बना फुट ओवरब्रिज रेल लाइन पार करने में मददगार होगा।
-
रॉबर्ट्सगंज-रामगढ़ मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर डीप स्क्रीनिंग व ट्रैक मेंटनेंस का कार्य होना है। इसके लिए 26 से 30 अक्तूबर तक क्रॉसिंग से आवागमन बंद रहेगा। राहगीरों को ज्यादा परेशानी न हो, इसके लिए समय सीमा से पहले ही काम खत्म करने की पूरी कोशिश रहेगी। -पुष्पेंद्र राम, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, रेल पथ चुर्क।