सोनभद्र। प्रयागराज रेल मंडल के प्रबंधक मोहित चंद्रा ने शनिवार को राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन के प्लेटफार्म के चौड़ीकरण के बारे में जानकारी ली। इस दौरान भाजपा नेता राम बाबू केशरी ने उनसे मुलाकात की और विभिन्न मांगों से जुड़ा एक ज्ञापन सौंपा।
निरीक्षण में आए मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन कार्यालय में नहीं गए। स्पेशल ट्रेन से उतरकर वे सीधे प्लेटफार्म की चौड़ाई, बीच में पड़ रहे पेड़ों की कटाई आदि के बारे में जानकारी ली। मोहित चंद्रा ने बताया कि राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन पर पूर्व से ही प्लेटफार्म के चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इस कार्य में करीब पांच सौ से अधिक पेड़ बाधा बने हैं। विभागीय स्तर पर वन विभाग से इसको लेकर पत्राचार किया जा रहा है लेकिन वन विभाग ने पेड़ों की कटाई के लिए अब तक अनुमति नहीं दी है। इससे यह काम रुका है। उन्होंने बताया कि पूर्व में जिला प्रशासन स्तर से भी इसको लेकर पत्राचार हो चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही पेड़ों को काटने की अनुमति मिल जाएगी। इस दौरान भाजपा नेता रामबाबू केशरी ने उनसे मुलाकात की और कई मांग उठाया। भाजपा नेता ने कई ट्रेनों के संचालन की मांग की। साथ ही यात्री सुविधाओं की ओर से भी रेल मंडल प्रबंधक का ध्यान आकृष्ट कराया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन मास्टर ओमकार मणि सिंह, जीआरपी के जवान आदि मौजूद रहे।