जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में शनिवार को अपना दल (एस)-भाजपा गठबंधन प्रत्याशी राधिका पटेल निर्वाचित घोषित की गईं। उन्होंने सपा के जयप्रकाश पांडेय उर्फ चेखुर को सात वोटों के अंतर से हराया। कड़ी सुरक्षा के बीच हुए चुनाव में राधिका को कुल 19 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी को महज 12 वोट ही मिल सके। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही अपना दल-भाजपा समर्थक खुशी से झूम उठे। समर्थकों ने राधिका पटेल को फूल-मालाओं से लादकर जीत का जश्न मनाया।
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सुबह से ही गहमागहमी रही। कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया था। चारों तरफ से कड़ी सुरक्षा में कलेक्ट्रेट को घेर दिया गया था। सुबह 11 बजते ही मतदान शुरू हो गया। सबसे पहले सपा प्रत्याशी जयप्रकाश उर्फ चेखुर पांडेय ने वोट दिया। इसके ठीक बाद अपना दल (एस) की उम्मीदवार राधिका पटेल और मोहन कुशवाहा वोट देने पहुंचे। बारी-बारी सदस्यों की आवाजाही जारी रही। दोपहर करीब एक बजे 17 सदस्य एक साथ वोट देने पहुंचे। इनके साथ अपना दल के लोग मौजूद रहे। मतदान समाप्ति से एक घंटा पहले अपराह्न पौने दो बजे तक सभी 31 सदस्यों के वोट पड़ चुके थे। इसके बाद सबको मतगणना शुरू होने का इंतजार था। मतगणना से ठीक पहले तक दोनों खेमे के लोग अपनी-अपनी जीत के दावे करते रहे। अपराह्न तीन बजे से मतपेटी खुलने के बाद ही स्थिति साफ होने लगी। अपना दल-भाजपा की संयुक्त उम्मीदवार राधिका पटेल को 19 वोट मिले, जबकि सपा के जयप्रकाश पांडेय को 12 वोट से ही संतोष करना पड़ा। डीएम अभिषेक सिंह ने चुनाव परिणाम की घोषणा करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।