सोनभद्र। कोरोना वायरस के फैलाव पर रोक के लिए घोषित लाकडाउन के बीच मंगलवार को विंध्याचल मंडल की आयुक्त प्रीति शुक्ला एवं आईजी पीयूष श्रीवास्तव ने जिले मेें क्वारंटीन सेंटरों व सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने राबर्ट्सगंज स्थित संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पहुंचकर यहां क्वारंटीन किए गए लोगों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर उन्होंने मातहतों को किसानों के लिए पेयजल आदि की व्यवस्था किए जाने के अलावा तथा पड़ोसी राज्यों एवं जिलों से अनधिकृत (बगैर पास) रूप से प्रवेश करने वालों को क्वारंटीन करने के निर्देश दिए।
राबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौक से डीएम एस. राजलिंगम, एसपी आशीष श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों के साथ मंडलायुक्त और आईजी ने नगर के विभिन्न मोहल्ले में भ्रमण करते हुए लोगों से लॉक डाउन का पालन करते हुए घरों में रहने की अपील की। इसके बाद अधिकारियों ने क्वारंटीन सेंटर संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामलीला मैदान में स्थित कम्युनिटिंग किचेन, राजकीय गेहूं क्रय केंद्र खाद्य विभाग शाखा राबर्ट्सगंज का निरीक्षण किया। आयुक्त ने क्रय केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, धूप से बचने के लिए छाजन, साबुन आदि का इंतजाम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने उपस्थित लोगों से मास्क का प्रयोग करते हुए सोशल डिस्टेंस मेंटेन करने की अपील की। कहा कि मातहतों को अनधिकृत रूप से जिले में प्रवेश करने वालों को क्वारंटीन कराने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि जन सामान्य को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके मद्देनजर दवा, सब्जी एवं प्रशासन द्वारा अधिकृत किराना की दुकानों के माध्यम से निरंतर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कराई जा रही है। आईजी को एसपी ने जिले से सटे चारों राज्यों की सीमाओं को सील कर नक्सल इलाकों में की जा रही कांबिंग के बारे में भी जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, सदर एसडीएम यमुनाधर चौहान, सीओ राजकुमार त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।