नगर स्थित एक निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान के विस्तारीकरण को लेकर मंगलवार को कंपनी परिसर स्थित सभाकक्ष में एडीएम नमामि गंगे रोहित यादव की अध्यक्षता में जनसुनवाई हुई। इसमें बड़ी संख्या में आसपास के रहवासी और गैर सरकारी संगठन के लोग मौजूद रहे।
खैराही गांव के कमला प्रसाद ने कहा कि आसपास के क्षेत्र की खेती और फलों के पौधों से उत्पादन प्रभावित हो रहा है, जिसकी जांच कर इसका भी निदान किया जाना जरूरी है।
रेणुकूट के चंदन कुमार ने कहा कि वार्ड एक में पेयजल की समस्या थी, जिसे दूर कर दिया गया है। उन्होंने खटाल की ओर जा रहे मार्ग के निर्माण की भी मांग की। दुद्धी से आए रवींद्र जायसवाल, सिंगरौली प्रदूषण मुक्ति वाहिनी के जगतनारायण ने विभिन्न बिंदुओं को रखा और मानक पूरा होने के बाद ही विस्तारीकरण की बात कही।
राकेश पांडेय ने कहा कि फ्लाई ऐश के ओवरलोडिंग से समस्या बढ़ी है, जिसके कारण आमजन में निराशा है। घिवही गांव के गौरीशंकर कुशवाहा ने ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को खेती संबंधी प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।
अध्यक्षता करते हुए एडीएम रोहित यादव ने कहा कि परियोजना के विस्तार से क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने कंपनी से क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को दूर करने की भी बात कही। इस मौके पर कंपनी के यूनिट हेड मनीष गर्ग, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी ऋतेश तिवारी, टीएम सुनार, विनय यादव, अनुराग त्रिपाठी, संजय सिंह, विमल पांडेय, बाबूलाल भाटिया, विभु पांडेय, दिनेश जायसवाल आदि रहे। संचालन उद्योग पर्यावरण सलाहकार डॉ.मनोज गर्ग ने किया।