बभनी (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर दरनखाड़ मोड़ के पास मंगलवार शाम टैंकर की टक्कर से घायल पीआरवी जवान नीरज कुमार यादव (32) की बुधवार सुबह ट्राॅमा सेंटर वाराणसी में उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्रतापगढ़ के कुंडा थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ निवासी नीरज कुमार यादव (32) वर्ष 2019 में कांस्टेबल पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती बभनी थाने में पीआरवी पर थी। मंगलवार शाम दरनखाड़ गांव से मिली सूचना पर वह साथी भीम सिंह के साथ मौके पर जा रहे थे। दरनखाड़ मोड़ पर काॅलर के संबंध में जानकारी लेते समय रेणुकूट से अंबिकापुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग घायल हो गए थे। घायलों में नीरज यादव और इकदीरी निवासी सौरभ (18) की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज लोढ़ी से वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया था। वहां उपचार के दौरान बुधवार की सुबह नीरज यादव ने दम तोड़ दिया। नीरज यादव की तैनाती दो फरवरी को बभनी थाने में हुई थी। कम समय में ही उन्होंने अपने व्यवहार से सभी का दिल जीत लिया था। थाने में शोकसभा आयोजित कर पुलिसकर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। प्रभारी निरीक्षक डीपी यादव ने बताया कि बीएचयू वाराणसी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं घायल सौरभ का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।