सोनभद्र। राबर्ट्सगंज स्थित नगर पालिका परिषद कार्यालय पर चल रहा सभासदों का धरना तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। सभासदों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एसडीएम सदर और सीओ के वार्ता करने के बाद भी धरने पर बैठे सभासद नहीं मानें। उनका कहना है कि यदि प्रशासन की तरफ से दबाव बनाया जाता है तो वे इस्तीफा देने के लिए बाध्य होंगे।
धरने पर बैठे सभासदों का कहना है कि राबर्ट्सगंज नगर में पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। मानक के अनुरूप नगर में काम नहीं हो रहा है। नगर में जल निगम की तरफ से मनमाने तरीके से पाइपलाइन बिछाई जा रही है। पाइप बिछाने में मानक की अनदेखी की जा रही है। नगर पालिका बोर्ड की बैठक एक साल से नहीं हो रही है। नगर में कराये जा रहे विकास कार्यों में मानक की अनदेखी की जा रही है। सभासद नगर पालिका से गायब खसरा रजिस्टर प्रकरण का तत्काल निस्तारण किए जाने और संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर में एसडीएम सदर डॉ. केएस पांडेय और सीओ राजकुमार धरने पर सभासदों को समझाने की कोशिश की लेकिन सभासद नहीं मानें। धरने पर मुख्य रूप से विक्रम श्यामा देवी, राजेश कुमार, अनीता देवी, संध्या, अरुण गुप्ता, उर्मिला देवी, नातिक अशरफ, आनंद चौरसिया, प्रकाश श्रीवास्तव, माया देवी, रेनू, विनोद सोनी, महताब आदि शामिल रहे।