पांच सूत्री मांगों को लेकर सभासद संघ के अध्यक्ष राकेश मिश्रा की अगुवाई में नगर पंचायत कार्यालय के सामने चल रहा धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार से क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है। सभासदों के धरने को संविदा श्रमिकों ने भी समर्थन दिया है।
राकेश मिश्र ने बताया कि मांगों के समर्थन में बृहस्पतिवार से तीन दिनों तक क्रमिक भूख हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी प्रशासन की तरफ से कार्रवाई नहीं किए जाने पर रविवार से बेमियादी भूख हड़ताल के लिए बाध्य होंगे। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
इस दौरान सभासद संजय कुमार कन्नौजिया, राजू साहनी, राकेश कुमार, राकेश कुमार मिश्रा, अजीत कनौजिया, अरशद हुसैन आदि मौजूद रहे। वहीं मामले में चेयरमैन चांदनी देवी का कहना था कि सभासदों को जो भी शिकायत या समस्या है, उसे बोर्ड की बैठक में रखें। चर्चा के साथ उसका समाधान किया जाएगा। वार्डों के विकास के प्रस्ताव भी बोर्ड के बैठक में दें। समाधान का पूरा प्रयास होगा।