राबर्ट्सगंज में फ्लाईओवर कांड को लेकर पुलिस चौतरफा घिर गई है। मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को पुलिस के खिलाफ सर्वदलीय रोष मार्च निकाला गया। इस दौरान मृतकों के परिवार वालों के साथ विभिन्न दलों के लोगों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए एसपी और कोतवाल को बर्खास्त करने तथा मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई। मार्च में कांग्रेस, भाजपा, एबीवीपी सहित सहित राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल रहे। राज्यपाल को ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। डीएम सीबी सिंह ने बताया कि प्रमुख सचिव गृह को प्रकरण से नए सिरे से अवगत करा दिया गया है।
सर्वदलीय मार्च का नेतृत्व मृतक दीपू राठौर की मां किशोरी देवी और रोहित की मां दीना सिंह ने किया। कलेक्ट्रेट के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग से जुलूस डीएम कार्यालय तक पहुंचा। दीपू की मां एसपी, कोतवाल को बर्खास्त करो का स्लोगन लिखा बोर्ड हाथ में ले रखा था। दीना सिंह की बेटियों ने मौत की सीबीआई जांच और महिला के शव की शिनाख्त की मांग उठाई। पूर्व एमएलसी जय प्रकाश चतुर्वेदी, कांग्रेस नेता राजेश द्विवेदी, समाजसेवी शांता भट्टाचार्या, संदीप सिंह चंदेल, धर्मवीर तिवारी, भूपेश चौबे ने कहा कि यह दुर्घटना नहीं हत्या है। कई प्रभावशाली लोगों ने मिलकर हत्या की है। इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। एबीवीपी के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह, धीरज पांडेय, सत्य प्रकाश मिश्रा राजू, दया शंकर पांडेय आलोक सिंह आदि ने कहा कि एसपी और कोतवाल को बर्खास्त कर घटना की सीबीआई जांच नहीं की गई तो आंदोलन और तेज होगा। कहा कि पुलिस प्रशासन दीपू, रोहित और प्रणव की मौत का खुलासा करने के बजाय सड़क दुर्घटना बता कर मामले की लीपापोती कर रहा है। इस दौरान पंकज मिश्रा, मदन मिश्रा, आकाश, मनीष अग्रहरि, गौरव शुक्ला, श्याम उमर, अनिल सिंह, रजनीश सिंह, पूनम सिंह, चंद्रावती सिंह, वंदना सिंह, अनुराधा सिंह, सरोज सिंह, रंगीता सिंह, मीरा सिंह आदि रहे।