सोनभद्र। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के सदस्यों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति काे संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। पदाधिकारियों ने बिहार में मतदाता सूची में संशोधन को अल्पसंख्यकों को मतदान से वंचित करने की साजिश बताई।
ज्ञापन के माध्यम से बताया कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कारण लाखों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से कट गए। अब चुनाव आयोग इस प्रक्रिया को पूरे देश में लागू करना चाहता है। मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के नाम पर चुनाव आयोग मतदाताओं की नागरिकता सत्यापित करने का अधिकार अपने हाथ में ले रहा है।
मतदाता सूची से विदेशियों को हटाने की बात को निराधार बताते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों और अन्य चुनिंदा समूहों के एक बड़े हिस्से को मताधिकार से वंचित किया जा रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में माकपा के जिला मंत्री नंदलाल आर्य, प्रेमनाथ, पुरुषोत्तम, हनुमान प्रसाद, माथुर प्रसाद, कन्हैया कुमार, रामेश्वर, पवन कुमार उपाध्याय, सतेंद्र जायसवाल, जग नारायण आदि रहे।