सोनभद्र। भदोही के ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र, उनकी पत्नी व एमएलसी रामलली मिश्रा और बेटे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सोनभद्र में भी खुफिया एजेंसियां विधायक, एमएलसी एवं उनके परिजनों की संपत्ति का पता लगा रही हैं। शुक्रवार को खुफिया एजेंसी राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्घी तहसील में विधायक और एमएलसी की भूमि आदि के बारे में पता करने में जुटी रही। विधायक के करीबियों की भी सूची तैयार की जा रही है।
बीते अगस्त में ज्ञानपुर के विधायक विजय मिश्र के रिश्तेदार कृष्ण मोहन तिवारी ने विधायक उनकी पत्नी एमएलसी रामलली और बेटे विष्णु के खिलाफ संपत्ति कब्जा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। माह भर के भीतर विधायक के खिलाफ गुंडा एक्ट समेत तीन मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने विधायक को गिरफ्तार कर लिया जबकि एमएलसी और उनका बेटा पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। सूत्रों की मानें तो फरार चल रहे मां-बेटे को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों और गैर प्रांतों में छापा मार रही है। अब खुफिया एजेंसियां सोनभद्र में एमएलसी, विधायक और उनके परिवार के सदस्यों की संपत्ति और करीबियों के बारे में पता कर रही हैं।
वर्तमान में मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र की रामलली एमएलसी है। इस नाते एमएलसी यहां किसी परिचित के यहां छिप सकती हैं। शुक्रवार को खुफिया एजेंसी से जुड़े कुछ लोगों ने सदर तहसील पहुंच कर दो कमियों से विधायक, एमएलसी और उनके बेटे के नाम से जमीन, मकान है या नहीं इसकी जानकारी ली। घोरावल और दुद्घी तहसील से भी पता लगाया जा रहा है। एडीएम योगेद्र बहादुर सिंह ने कहा कि विधायक विजय मिश्र, एमएलसी रामलली की संपत्ति की जांच के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि विधायक और एमएलसी के करीबियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। कहा कि अपराधियों एवं उनसे जुड़े लोगों केे विरुद्घ कार्रवाई जारी है।