अनपरा। बीटीएल के कारण निजी क्षेत्र की लैंको अनपरा की 600 मेगावाट की दूसरी इकाई से शुक्रवार की भोर में उत्पादन बंद करना पड़ा। लीकेज को ठीक करने के लिए परियोजना प्रबंधन युद्धस्तर पर लग गया है।
शुक्रवार की भोर में करीब डेढ़ बजे लैंको परियोजना की दूसरी इकाई से ब्वायलर ट्यूब लीकेज की सूचना मिली। सूचना पर इकाई को बंद कराया गया। लीकेज को ठीक करने के लिए परियोजना के कर्मचारी और अधिकारी युद्धस्तर पर लग गए हैं। इकाई के बंद होने से परियोजना से 600 मेगावाट का उत्पादन प्रभावित हुआ है।
उधर, दो दिनों हो रही झमाझम बारिश से प्रदेश का मौसम सुहाना हो गया है। बारिश से लोगों को काफी राहत मिली है। इस वजह से बिजली की मांग में 24 घंटे में ही करीब दो हजार मेगावाट की गिरावट आई है। बृहस्पतिवार को जहां बिजली की मांग साढ़े 27 हजार के पार थी, वहीं शुक्रवार को सूबे में बिजली की अधिकतम मांग 25871 मेगावाट और न्यूनतम मांग 16717 मेगावाट रही। इस दौरान निगम की सभी इकाईयों से पूर्ण क्षमता से उत्पादन किया जा रहा है। उधर रिहंद और ओबरा हाइड्रो से उत्पादन शुरू हो गया। इस दौरान ओबरा की दो इकाइयों से 56 मेगावाट और रिहंद की 6 इकाइयों से 281 मेगावाट का उत्पादन जारी रहा।