अनपरा। अनपरा तापीय परियोजना की 500 मेगावाट की छठवीं इकाई से बीटीएल के कारण शनिवार को उत्पादन ठप हो गया। बारिश के बाद धूप के कारण बिजली की मांग मे उछाल आया है। इस बीच 500 मेगावाट की इकाई बंद होने के कारण उत्पादन निगम की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। इस बीच अनपरा की दूसरी इकाई को चालू कर लिया गया है। अनपरा की छठवीं इकाई के ब्वायलर के ट्यूब मे लिकेज के कारण शनिवार की सुबह 9 बजे से उत्पादन बंद करना पड़ा। लिकेज की जांच के लिए तत्काल मौके पर अनुुरक्षण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गये। मगर ब्वालर ट्यूब गर्म होने के कारण देर शाम तक काम नही शुरू किया गया। ब्वायलर ट्यूब ठंडा होने के बाद ही काम शुरू किया जाएगा। 500 मेगावाट की इकाई से उत्पादन नही होने से निगम की मुश्किलें बढ़ेंगी। शुक्रवार की देर शाम से बंद चल रही अनपरा की 210 मेगावाट की दूसरी इकाई को दुरूस्त कर लिया गया, जिससे उत्पादन जारी है। बारिश के बाद धूप के कारण सूबे मे उमस बढ़ गई है, जिससे बिजली की मांग मे इजाफा जारी है।
शनिवार को बिजली की अधिकतम मांग 26112 मेगावाट और न्यूनतम मांग 16933 मेगावाट पर रही। अनपरा की दूसरी ईकाई से 157 मेगावाट, तीसरी इकाई से 167 मेगावाट, चौथी से 473 मेगावाट, पांचवीं इकाई से 461 मेगावाट और सातवीं इकाई से 476 मेगावाट पर उत्पादनरत रहीं। निजी क्षेत्र की लैंको परियोजना की पहली से 547 मेगावाट और दूसरी इकाई से 562 मेगावाट पर उत्पादनरत रहीं।