समाज कल्याण विभाग की ओर से कोन ब्लॉक के पीपरखाड़ में संचालित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में कक्षा छह में रिक्त हुई 60 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
20 प्रतिशत सीटें कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए आरक्षित की गई है। इसके साथ ही प्रवेश के लिए बच्चों की आयु भी निर्धारित की गई है। रिक्त पदों के लिए 25 फरवरी तक आवेदन लिया जाएगा।
जिले के अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र एवं छात्राओं के शैक्षणिक विकास के लिए एकलव्य माॅडल आवासीय विद्यालय की स्थापना कोन ब्लॉक के पीपरखाड़ में की गई है। इस विद्यालय में कक्षा छह से 12वीं तक की आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराई जानी है।
प्रति कक्षा के लिए निर्धारित 60 सीटों के सापेक्ष अनुसूचित जनजाति के छात्र एवं छात्राओें के लिए 48 (24 छात्र एवं 24 छात्रा) सीट आरक्षित हैं। 20 प्रतिशत (12) सीटें विशेष रूप से कमजोर जनजाति, विमुक्त जनजाति, जिन छात्रों के माता-पिता कोविड में मृत हो गए हैं।
निराश्रित महिला, दिव्यांग के बच्चे, अनाथ बच्चे तथा विद्यालय को भूमिदान करने वाले अभिभावक के बच्चों के लिए आरक्षित की गई हैं। एकलव्य माॅडल आवासीय विद्यालय पीपरखाड़ के प्रधानाचार्य/ जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि कक्षा छह में वर्तमान में 60 सीटें (30 छात्र एवं 30 छात्रा) के नामांकन के लिए रिक्त हैं।
इनपर प्रवेश के लिए आवेदन शुरू किया गया है। कक्षा छह के अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 31 मार्च 2025 तक 10 वर्ष तथा अधिकतम आयु 13 वर्ष होनी चाहिए। रिक्त पदों पर नामांकन के लिए 15 फरवरी तक आवेदन लिया जाएगा।
पूर्ण रूप से भरे गए आवेदन पत्रों की जांच के बाद 28 फरवरी को सुबह 11 बजे से लिखित परीक्षा कराई जाएगी। हालांकि अभी परीक्षा का स्थान निश्चित नहीं है। जल्द ही स्थान निर्धारित कर अभ्यर्थियों को बता दिया जाएगा।