सोनभद्र। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की चयन प्रक्रिया के तहत सोमवार को 530 पदों के लिए अभ्यर्थियों की वरीयता सूची प्रकाशित कर दी गई। विभिन्न मापदंडों के आधार पर तैयार की गई वरीयता सूची में दो-दो अभ्यर्थियों के नाम हैं। सत्यापन व अन्य औपचारिकताओं के बाद शीघ्र ही अंतिम का प्रकाशन किया जाएगा।
जिले में 2079 आंगनबाड़ी केंद्र हैं। इन पर 1370 कार्यकर्ताओं की तैनाती है। कुल रिक्त पदों में से 555 पर चयन के लिए प्रक्रिया पिछले वर्ष शुरू हुई थी। मार्च 2024 को विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसके तहत 18 से 35 वर्ष की ऐसी महिलाओं से आवेदन मांगे गए थे, जो इंटर पास हों और उनकी वार्षिक आय ग्रामीण क्षेत्रों में 46080 और शहरी क्षेत्र में 56460 रुपये हो। ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद शासन के निर्देशों के तहत वरीयता सूची तैयार कर प्रकाशन किया गया है। प्रथम वरीयता उन आवेदकों को दिया गया है, जो बीपीएल श्रेणी की निराश्रित या परित्यक्त हैं। उनके न मिलने पर एपीएल श्रेणी से निराश्रित, परित्यक्त और फिर अन्य महिलाओं का चयन किया जाना है। इसी आधार पर सभी पदों के लिए वरीयता सूची तैयार की गई है। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह ने बताया कि कुल 555 पदों में से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 49, दिव्यांगजन श्रेणी में 14, स्वतंत्रता सेनानी आश्रित वर्ग में तीन, निराश्रित महिला के लिए 44 पद आरक्षित हैं। सभी आरक्षित पदों सहित कुल 530 पदों के लिए आवेदन प्राप्त हुए थे। उनमें से प्रथम व द्वितीय वरीयता वाले योग्य अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर प्रकाशित की गई है। शीघ्र ही चयन प्रक्रिया पूरी कर अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से किसी झांसे में न आने और भर्ती के नाम पर धनउगाही करने वालों की सूचना तत्काल विभाग को देने का आह्वान किया है।