राबर्ट्सगंज कचहरी स्थित सोनभद्र बार एसोसिएशन सभागार में गुरुवार को 768 वकील मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष पद पर सीधे मुकाबला होगा। महामंत्री पद पर चतुष्कोणीय मुकाबला है। मुख्य चुनाव अधिकारी एडवोकेट विनोद कुमार चौबे ने बताया कि वर्ष 2016-17 के सोनभद्र बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर दो, महामंत्री पद पर चार और कोषाध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए 15 सहायक निर्वाचन अधिकारियों की तैनाती की गई है।
चुनाव के लिए तीन बूथ बनाए गए हैं। मतपत्रों को डालने के लिए बीच में एक मतपेटिका रखी जाएगी। इसके अलावा मतदाताओं के प्रवेश के लिए गेट नंबर एक और निकास के लिए गेट नंबर दो बनाए गए हैं। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बताया कि 23 दिसंबर को मतगणना के बाद विजयी पदाधिकारियों के साथ ही निर्विरोध चुने जाने वाले पदाधिकारियों की औपचारिक रूप से घोषणा की जाएगी।