सोनभद्र। वर्ष 2019 में होने वाले यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है। इस बार हाईस्कूल में जहां 29288 विद्यार्थी परीक्षा देंगे, वहीं इंटरमीडिएट में 18591 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष परीक्षा में करीब पांच हजार छात्र-छात्राएं कम है। यूपी बोर्ड से परीक्षा की तिथि निर्धारित किए जाने के बाद परीक्षा केंद्रों के निर्धारण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
वर्ष 2018 में बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल के 29529 छात्र-छात्राओं और इंटर में 21126 परीक्षार्थियों को शामिल होना था। लेकिन परीक्षा में हाईस्कूल के 26222 और इंटर के 19262 परीक्षार्थी शामिल हुए। 57 केंद्रों पर परीक्षाएं हुई।
वर्ष 2019 में यूपी बोर्ड की परीक्षा में हाईस्कूल के 29288 परीक्षार्थी है, इसमें बालक 14254 और बालिका 15034 है। इंटरमीडिएट में 18591 छात्र-छात्राएं है, इसमें 8105 बालक व 10486 बालिकाएं है।
सूबे के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा द्वारा फरवरी 2019 में बोर्ड की परीक्षा शुरू होने की घोषणा किए जाने के बाद शिक्षा विभाग नकलविहीन परीक्षा कराने की तैयारियां तेज कर दी है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक राजशेखर सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्र बनाने के लिए यूपी बोर्ड को स्कूलों की सूची भेज दी गई है।
कहा कि बोर्ड स्तर से ही कालेजों/स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया जाना है, इसका निर्धारिण किया जाएगा। फिलहाल बोर्ड ने जिले में कितने परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे, इस संबंध में कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष हाईस्कूल और इंटर में करीब 5251 विद्यार्थी कम है।