ओबरा के गांधी मैदान में विजेता ट्राफी के साथ प्रयागराज की टीम।संवाद
ओबरा (सोनभद्र)। स्थानीय गांधी मैदान में आयोजित 23वें सोनांचल कप राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का बुधवार को फाइनल मुकाबले के साथ समापन हो गया। फाइनल में प्रयागराज की टीम ने सायना स्पोर्ट्स वाराणसी को पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर प्रयागराज की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सायना स्पोर्ट्स वाराणसी की टीम ने निर्धारित 25 ओवर में सात विकेट खोकर 184 रन बनाए। टीम की ओर से सुधीर सिंह ने 28 गेंदों पर 39 रन और विवेक सिंह ने 38 रन की पारी खेली। प्रयागराज के गेंदबाज मनु राजा ने पांच ओवर में 48 रन देकर दो विकेट लिए। जवाब में उतरी प्रयागराज की टीम ने 24 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के बल्लेबाज आशीष रत्नम ने शानदार नाबाद 91 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। वाराणसी की ओर से विवेक ने पांच ओवर में 40 रन देकर दो विकेट झटके। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए आशीष रत्नम को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। मैच में रोशन सिंह और सूर्य प्रकाश ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि रोहित वैश्य रहे। विशिष्ट अतिथि ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी, अधिशासी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल, रमेश कुमार सिंह, रमेश सिंह यादव, रमेश वर्मा आदि मौजूद रहे।