नगर के बिछड़ी स्थित अवधूत भगवान राम महाविद्यालय में सोमवार को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की 93वीं जयंती मनाई गई। इस दौरान संगोष्ठी और विज्ञान महोत्सव में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने मॉडल प्रस्तुत किए। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभा प्रथम तो लवली को दूसरा स्थान मिला।
मुख्य अतिथि राजा हरपाल सिंह पीजी कॉलेज जौनपुर के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने डॉ. ब्दुल कलाम के चित्र पर पुष्पार्चन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कहा कि विपरीत परिस्थितियों से लड़कर विजेता बनना कोई कलाम से सीखे। अतिथियों ने महाविद्यालय में लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक मॉडल सजाए। निर्णायक मंडल ने सभी के मॉडल के बारे में जानकारी ली।
प्रतियोगिता में प्रथम विजेता डीएवी पब्लिक स्कूल ककरी, द्वितीय आदित्य बिरला पब्लिक स्कूल रेणुसागर और तृतीय विजेता सेपियंट इंटरनेशनल एकेडमी की टीम को घोषित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभा प्रथम, लवली द्वितीय व जय गुप्ता को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बीकॉम तृतीय वर्ष, द्वितीय स्थान बीकॉम और तृतीय स्थान बीएड द्वितीय वर्ष की टीम रही। संगोष्ठी के संरक्षक प्राचार्य डॉ. अजय विक्रम सिंह, संयोजक डॉ. आरके सिंह, सहसंयोजक डॉ. एके सिंह, सहसंयोजक डॉ. रमता राम पाठक मौजूद रहे।