सोनभद्र। हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधवार से विद्युत वितरण निगम ने बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले 48 घंटे में 250 बकायेदारों की आपूर्ति ठप की गई। जिले के 60 फीडरों पर एक साथ बिल जमा कराने का अभियान चल रहा है। जिले में 167954 उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद कभी बिल जमा नहीं किया।
विद्युत वितरण निगम से मिली जानकारी के अनुसार राबर्ट्सगंज, चतरा, नगवा, करमा, दुद्धी, म्योरपुर, बभनी, चोपन, कोन और घोरावल ब्लॉक क्षेत्र में करीब 248863 उपभोक्ता हैं। इसमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू और कामर्शियल उपभोक्ता शामिल हैं। अब शासन स्तर से बिजली कर्मियों को बिल जमा न कराने और बकाया न देने वालों की आपूर्ति ठप करने को दबाव डाला जा रहा है। पूर्व में कई बार विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को नोटिस भेजकर बिल जमा करने के लिए कहा जा चुका है। इसके बाद भी बिल न जमा करने में रुचि नहीं ली गई। इसके बाद विद्युत वितरण निगम ने आपूर्ति ठप कराने के साथ ही विभागीय कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। बुधवार से ही राबर्ट्सगंज विधुत वितरण खंड में एक्सईन एसके सिंह और पिपरी के एक्सईन के पर्यवेक्षण में बकाया बिल जमा कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है। अधीक्षण अभियंता सुभाष चन्द्र यादव ने वताया कि जिले के 30 फीडरों पर विभागीय और उतने ही फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं के यह बिजलेंस की टीमें जांच कर बकाया जमा कराने के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक 250 उपभोक्ता की आपूर्ति ठप की जा चुकी है। उन्होंने बकायेदारों से कार्यवाई से बचने के लिए बकाया जमा करने की अपील की है।
उपभोक्ताओं पर 422.83 करोड़ बकाया
सोनभद्र। एसडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि जिले के करीब 75047 उपभोक्ताओं पर दस हजार या उससे अधिक बिल की धनराशि बाकी है। इन बकाएदारों पर लगभग 422.83 करोड़ बकाया है। शहरी क्षेत्र राबर्ट्सगंज, ओबरा, पिपरी व रेणुकूट 2823 उपभोक्ताओं के ऊपर करीब 20.12 करोड़ बाकी है। एक्सईएन एसके सिंह का कहना है कि कई बार कहने के बाद भी उपभोक्ता बकाया जमा करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। इसलिए बकायेदारों की आपूर्ति ठप करना पड़ रहा है। कार्रवाई से बचने के लिए उपभोक्ता बकाया धनराशि किश्तों में भी जमा कर सकते हैं। यह व्यवस्था पहले से ही है।