तकनीकी खराबी के कारण बंद अनपरा परियोजना की सातवीं इकाई से शनिवार मध्य रात्रि से विद्युत उत्पादन शुरू हो गया। दूसरी तरफ एक पखवारे से अधिक समय से बंद चल रही दूसरी इकाई के टरबाइन में फाल्ट के कारण इस इकाई से उत्पादन शुरू होने में एक सप्ताह से अधिक का समय लग सकता है।
प्रबंधन के अनुसार ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण बंद हुई 500 मेगावाट क्षमता की सातवीं इकाई को शनिवार रात में 12:31 बजे सिंक्रोनाइज किया गया। रविवार देर शाम तक इस इकाई से पूर्ण क्षमता से विद्युत उत्पादन प्रारंभ हो गया था। दूसरी तरफ बीएचईएल के विशेषज्ञ अभियंताओं के प्रयास के बाद भी 210 मेगावाट क्षमता की दूसरी इकाई को लाइटअप नहीं किया जा सका। बताया जा रहा है कि इस इकाई के टरबाइन में फाल्ट आ गया है। इससे इस इकाई को उत्पादनरत होने में एक सप्ताह से अधिक का समय लग सकता है। परियोजना की अन्य छह इकाईयों से पूर्ण क्षमता से उत्पादन किया जा रहा है। शनिवार सुबह सूबे में बिजली की अधिकतम मांग 16346 मेगावाट दर्ज की गई।